राजस्व कर्मचारी हैं हलकान, समस्याओं को ले संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प

राजस्व कर्मचारी हैं हलकान, समस्याओं को ले संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प

20 अक्टूबर 2024 को आयोजित किया जाएगा जिला संघ का सम्मेलन

संजय मिश्र
दरभंगा

बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ जिला कमेटी दरभंगा की बैठक फारूक की अध्यक्षता में कर्मचारी महासंघ कार्यालय में हुई ‌। बैठक में राजस्व कर्मचारियों के समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। संघ के जिला मंत्री अरविंद राय ने कहा कि लंबे अरसे से जिला सम्मेलन लंबित है उसे शीघ्र करना है। हमारी समस्या घनीभूत हो रही है। हमें कदम-कदम पर संघर्ष करना पड़ रहा है। हमारे ऊपर दमन की कार्रवाई तेज हो रही है जिसे संगठन के माध्यम से दूर करना है। राजस्व कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर शिष्टमंडल समाहर्ता से मिलकर समस्याओं का निदान कराएगा।

इस अवसर पर बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ के प्रमंडलीय मंत्री भोला यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि हम लोगों ने संगठन एवं संघर्ष के माध्यम से बहुत कुछ प्राप्त किया है। राज्य संघ राजस्व कर्मचारी को गृह जिला में पदस्थापन , ग्रेड पे में सुधार ,वेतन अवरुद्ध करने की प्रथा पर रोक लगाने जैसे मुद्दों पर लगातार विभागीय पदाधिकारियों से संघ का शिष्टमंडल मिल रहा है। हमें संघ को मजबूती प्रदान करने के लिए अक्टूबर माह तक जिला सम्मेलन पूरा करना है।

इस अवसर पर बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के जिला मंत्री फूल कुमार झा ने संबोधित करते हुए एकता पर बल दिया तथा बताया कि हम जनता के बीच काम करते हैं हम पर अनावश्यक रूप से भू माफियाओं द्वारा गलत काम कराने के लिए डराया धमकाया जाता है । इसलिए हम लोग सरकार द्वारा दिए गए निर्देश के आलोक में ही काम करना है। पुरानी पेंशन लागू करने के लिए अखिल भारतीय स्तर पर संघर्ष चल रहा है। आगामी 9 अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर प्रदर्शन के माध्यम से मांग संलेख समर्पित करना है। सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला संघ का सम्मेलन 20 अक्टूबर 2024 को आयोजित किया जाए।

स्थानीय समस्याओं को लेकर जिला संघ का प्रतिनिधिमंडल समाहर्ता से मिलकर निदान कराए। सम्मेलन के पूर्व सभी अंचल कमिटी का गठन कर लिया जाए। सम्मेलन की तैयारी हेतु आगामी 11 अगस्त को पुनः बैठक की जाएगी जिसमें सम्मेलन की तैयारी की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में दरभंगा जिला के 12 अंचलों के राजस्व कर्मचारियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में बहादुरपुर, हायाघाट, सदर, केवटी, घनश्यामपुर, बिरौल, किरतपुर, गौरा बौराम, हनुमाननगर आदि के प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किया। जिसमें संगठन के मजबूती पर बल दिया गया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *