दरभंगा में लाखों की ठगी करने वाला ठग पहुंचा जेल, ये है मामला।

दरभंगा में लाखों की ठगी करने वाला ठग पहुंचा जेल, ये है मामला।

सिमरी थाना क्षेत्र के भराठी स्थित भूखंड को बैंक में गिरवी रख ऋण लेने और फर्जीवाड़ा कर जमीन की 46 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपित मनिकौली चकदरगाह निवासी रमीज साबरी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले को लेकर सिवान के भगवानपुर थानाक्षेत्र के बड़का गांव निवासी डॉ. एजाज अहमद ने सिमरी थाने में शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

चिकित्सक ने आरोप लगाया है कि पटना में उनका अस्पताल है। 23 अगस्त 2022 को भराठी मौजा में दो कट्ठा जमीन मो. साबिर व अरशद साबरी से निबंधित केवाला के माध्यम से खरीदा था। बाद में पता चला कि जो जमीन उनको दिखाई गई थी उसके बदले आरोपित ने दूसरी जमीन को निबंधित केवाला के माध्यम से फर्जीवाड़ा कर उनके हाथ बेचा है। जबकि उक्त जमीन पर पीएनबी बैंक से 42 लाख 61 हजार 704 रुपये का लोन 2017 में लिया गया था। जिसका नोटिस भी उक्त भूखंड पर बैंक अधिकारी ने चस्पा किया है। जबकि जमीन को बेचते समय उक्त आरोपियों ने भूखंड को निर्विवाद बताया था।

जमीन की तय कीमत 16 लाख रुपये आरोपियों को भुगतान के बाद निबंधन कराने में एक लाख 63 हजार रुपये खर्च हुआ था। उक्त जमीन पर चहारदीवारी एवं मिट्टी भराई कार्य के लिए आरोपियों ने 30 लाख रुपये अलग से लेकर कुल 46 लाख रुपये की ठगी कर ली। जिसके कारण उनका निबंधन शुल्क बेकार चला गया। इस बीच वह रुपये लौटाने के लिए बार बार आरोपितों से गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी टालमटोल कर तरह तरह की धमकी देते रहे।

16 अक्टूबर को पीड़ित आरोपी के घर चक दरगाह पहुंचा तो रमीज साबरी ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में उसने कहा कि पटना चलो वहीं आकर आपका रुपया वापस देते हैं। जिसके बाद पीड़ित पटना वापस चला गया। उसके बाद रमीज साबरी पटना पहुंचा तथा उसने कहा कि मेरा आदमी सिवान में है आपका पैसा वहीं मिलेगा।

चिकित्सक जब सिवान पहुंचे तो रमीज साबरी उनसे मिलने नहीं आया। अगले दिन रमीज के घरवालों ने डॉक्टर को कॉल कर कहा कि उनका बेटा सिवान गया है, लेकिन अबतक नहीं लौटा है। तुम लोगों को झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। मामले की गंभीरता को देखकर डॉ. अहमद ने सिमरी पुलिस को घटना से अवगत कराने के बाद तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई।

थानाध्यक्ष शमशाद अहमद खान ने बताया कि रमीज साबरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। केस की जांच पड़ताल एसआइ कंचन कुमारी को सौंपकर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *